25/7/16

अंग्रेजी बोलना कैसे सीखें कुछ बेहतरीन टिप्स

अंग्रजी बोलना कैसे सीखे बेस्ट टिप्स
दोस्तों मेरी पिछली दो पोस्टों में आपने अंग्रेजी बोलना सीखने के क्यों, क्या और कैसे को जाना। अब मैं आपको अंग्रेजी बोलने के कुछ बेहतरीन टिप्स (मेरी समझ से) दूंगा। इन टिप्स के प्रयोग से न सिर्फ आपका अंग्रेजी बोलना सीखने का प्रयास आसान हो जायेगा बल्कि आप अंग्रेजी बोलना जल्दी सीख भी पाएंगे।

अगर आपने मेरी पिछली दो posts नहीं पढ़ी हैं तो उन्हें नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर के पढ़ सकते हैं

English बोलना कैसे सीखें भाग १(क्यों? और क्या?)

English बोलना कैसे सीखें भाग २(कैसे?)

  1. अंग्रेजी बोलने के लिए जब आप अपने शब्द भण्डार (Vocabulary) को बढ़ाने की कोशिश कर रहे हों तो जो शब्द प्रचलन में ज्यादा हैं उनको पहले सीखने की कोशिश करें न कि कम इस्तेमाल होने वाले और कठिन शब्दों को।

    देखिये अधिक इस्तेमाल होने वाले और सरल शब्दों को आप आसानी से सीख सकते हैं और बार-बार इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपको इन शब्दों का ज्ञान बहुत जल्दी हो जाता है।

    दूसरी ओर कठिन और कम इस्तेमाल होने वाले शब्दों का बोलचाल में एक तो प्रयोग करना आपके लिए मुश्किल होगा और दूसरा इनका इस्तेमाल करने के मौके आपको कम मिलेंगे। इससे आप इनको जल्दी नहीं सीख पायेंगे और आपकी मेहनत बेकार जायेगी।

    मैं यहाँ पर सामान्य अंग्रेजी बोलचाल की बात कर रहा हूँ, किसी स्पेशलाइज्ड क्षेत्र जैसे साइंस, इंजीनियरिंग, क़ानून या मेडिकल की नहीं। मेरा मतलब है कि अगर आप मानसिक रोगों की चिकित्सा से जुड़े हैं तो आपको schizophrenia शब्द सिखना ही होगा चाहे यह कितना ही कठिन क्यों न हो।

    हाँ एक बात जरूर है की किसी फील्ड से जुड़े शब्द कठिन भले ही हों पर उस फील्ड के लोगों के बीच उन शब्दों का इस्तेमाल अधिक होता है इससे आप इन्हें जल्दी सीख सकते हैं।
  2. मैं पहले ही बता चुका हूँ कि अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए आपको शुरू से ही अंग्रेजी में बात करना शुरू करना होगा। अब कई बार ऐसा हो सकता है कि आप किसी से बात कर रहे हों और आप कुछ कहना चाहते हो पर आपको अंग्रेजी में वाक्य बनाने में या सही शब्द याद करने में समय लग रहा है।

    ऐसे में यदि आप काफी समय तक चुप रहते हैं तो सामने वाला ये सोच सकता है कि आप उससे बात नहीं करना चाहते या आपसे जो पुछा जा रहा है वो आपको मालूम नहीं। ऐसे में या तो वो किसी और से बात करने लगेगा या कुछ और पूछने लगेगा।

    ऐसी स्थिति में जब आप कुछ सोच रहे हैं तो सामने वाले को भी बताएं कि आप कुछ सोच रहे हैं। इसके लिए आप कुछ ध्वनियों का प्रयोग कर सकते हैं जैसे ऊँऽऽऽऽऽ, अऽऽऽऽऽऽ, हूँऽऽऽऽऽऽऽ आदि। इन्हें hesitation devices कहते हैं। इस प्रकार आप आप hesitation devices का प्रयोग कर टाइम buy कर सकते हैं और अपना वाक्य तैयार कर के बोल सकते हैं।
  3. कई बार कोई शब्द एकदम याद ही न आने पर आप आपनी बात को अन्य शब्दों द्वारा describe कर के भी बोल सकते हैं। यहाँ तक की आप अपने सामने वाले से भी शब्द पूछ सकते हैं। इसके लिए आप कहें What was the word for और फिर उस चीज को अन्य शब्दों या इशारों में समझाएं। ऐसा पूछने पर अगर सामने वाले को आपकी बात समझ में आ गयी तो वो खुद आपको सही शब्द बता देगा।
  4. अगर आपको अच्छी अंग्रेजी नहीं आती तो बहुत तेज बोलने की कोशिश न करें बल्कि रुक-रुक कर आराम से बात करें। देखिये आप कोई न्यूज़ एंकर तो हैं नहीं कि आपको फ़टाफ़ट 10 मिनट में 100 खबरें सुनानी हैं। So Relax!

    आराम से रुक-रुक कर बोलने का एक फायदा ये भी होता है कि इससे सामने वाले को अंदाजा हो जाता है कि आप आराम से बोलेंगे इसलिए वो आपके बोलने का इंतज़ार करता है। वहीँ अगर आप कुछ बातें बहुत जल्दी से बोल देते हैं और कुछ बातों में समय लगाते हैं तो देर लगने पर सामने वाला समझता है कि आप कुछ बोलना नहीं चाहते। इसलिए consistent रहने का प्रयास करें।
  5. अंग्रेजी में बात करते समय बोल-चाल की भाषा का प्रयोग करें। अंग्रेजी में बात करने के कम मौके मिलने पर जब आप अंग्रेजी पढ़कर और न्यूज़ आदि सुनकर बात करना शुरू करतें हैं तो आप bookish लैंग्वेज बोलते हैं। जो सामान्य बोलचाल में अटपटा लग सकता है।

    मैंने जब अंग्रेजी बोलना शुरू किया तो जैसे ही मैं कुछ बोलता था लोगों को shock लगता था और वो हँसने लगते थे। आप सोच रहे होंगे कि मैं कुछ गलत बोल देता था या मेरी बात सामने वाले को समझ में नहीं आती थी पर ऐसा नहीं था। ऐसा होने के दो कारण थे पहला तो मेरे उच्चारण में मेरी मातृभाषा का असर होता था और दूसरा मैं किताबी भाषा का प्रयोग करता था जिसमें वाक्य लम्बे और शब्द कठिन होते थे। अब आप ही सोचिये एक तो कठिन शब्द और उसपर उच्चारण अजीब ऐसे में किसे हँसी नहीं आयेगी।
  6. अंग्रेजी बोलने के लिए आप अंग्रेजी में ही सोचिये। अंग्रेजी बोलते समय अंग्रेजी में ही सोचने के कई फायदे हैं।

    इससे अपनी भाषा में सोचकर उसे अंग्रेजी में ट्रांसलेट करने का समय बाच जाता है।

    हर भाषा का अपना एक structure होता है और हर भाषा के अपने शब्द होते हैं जिनके तुल्य शब्द दूसरी भाषा में भले ही मिल जायें पर ये जरूरी नहीं की इन शब्दों का प्रयोग उतना ही सामान्य बोलचाल में भी होता हो।

    जैसे मैंने अपनी पोस्ट सीरीज का टाइटल “अंग्रेजी बोलना कैसे सीखें” रखा है अब मैं इसको अंग्रेजी में ट्रांसलेट करता हूँ तो इसका टाइटल होगा “How To Learn To Speak English” लेकिन अगर मैं यह टाइटल अंग्रेजी में ही सोचता तो मैं इसका टाइटल “How To Learn Spoken English” रखता।
  7. अपनी social और नेटवर्किंग स्किल्स का प्रयोग करें अधिक से अधिक ऐसे groups और लोगों से जुड़ें जिनसे आप अंग्रेजी में बात कर सकें। ये लोग अंग्रेजी में बात करने वाले या आप की ही तरह से अंग्रेजी बोलना सीखने के इच्छुक हो सकते हैं।
  8. अंग्रेजी सीखने के कोर्स join करें। लेकिन ध्यान रहे ऐसे कोर्सेज को ही चुने जिनमें अंग्रेजी बोलने पर जोर हो और अंग्रेजी बोलने की प्रैक्टिस कराई जाती हो। वरना अंग्रेजी grammar आदि सीखते-सीखते और ग्रुप डिस्कशन की एक दो class में ही दो-तीन महीने निकल जायेंगे और कोर्स समाप्त होने पर भी आप की अंग्रेजी बोलने की क्षमता में कुछ ज्यादा इम्प्रूवमेंट नहीं हो पायेगा।
  9. अंग्रेजी से रिलेटेड काम या एक्टिविटी join करें। ऐसे काम करें जहाँ आपको अंग्रेजी सीखने या अंग्रेजी में बात करने के मौके मिल सकें। और अगर आपको ऐसा काम मिल सके जहाँ पर You can earn while you learn English फिर तो सोने पे सुहागा हो जायेगा। जैसे इंग्लिश कॉल सेंटर join करना।


दोस्तों अंग्रेजी बोलना कैसे सीखें इस विषय पर मेरी यह तीन posts की सीरीज इन टिप्स के साथ ही समाप्त होती है। मेरी आशा है कि इन articles से आपको अंग्रेजी सीखने में जरूर मदद मिलेगी। इसलिए अगर आप अंग्रेजी बोलना चाहते हैं तो न सिर्फ इन articles को पढ़ें बल्कि इनपर अमल भी करें। आप अपनी progress कमेंट या ईमेल के द्वारा हमें बता सकते हैं। हमारा ईमेल पता है safalbharat.com@gmail.com ।

यदि आप हमारी प्रत्येक नयी पोस्ट की जानकारी अपने ईमेल पर चाहते हैं तो हमारा ईमेल सब्सक्रिप्शन लें।
नयी पोस्ट ईमेल में प्राप्त करने के लिए

Delivered by FeedBurner
मित्रों यह पोस्ट अगर आपको पसंद आई हो तो इसे लाइक और शेयर जरूर करें

7/7/16

English बोलना कैसे सीखें How To Learn To Speak English Part 2

अंग्रेजी बोलना कैसे सीखे
दोस्तों अपनी पिछली पोस्ट में हमने अंग्रेजी बोलने के लिए एक आधार तैयार किया। और अब बारी है उस आधार पर इमारत खड़ी करने की। हो सकता है की बहुत से लोगों को ये लगे की पिछली पोस्ट में मैंने कुछ ख़ास नहीं बताया और उस पोस्ट की जरूरत ही नहीं थी। पर किसी इमारत की नीव का मजबूत होना बहुत जरूरी होता है। क्योंकि जब नींव मजबूत होगी तभी इमारत मजबूत होगी।

पिछली पोस्ट में आपने जाना की आपको English बोलना क्यों सीखना चाहिए और English बोलने के लिए किन-किन चीजों की आवश्यकता होगी। आइये अब इस पोस्ट में हम जानते हैं कि आप English बोलना कैसे सीख सकते हैं?

1. English बोलना सीखने के लिए English सुनिए

इंसान कोई भी भाषा सुन-सुन कर ही सीखता है। जो वह सुनता है उसी की नकल करता है और धीरे-धीरे उसे समझने लगता है।

इसलिए आप जितना अधिक अंग्रेजी सुन सकें उतना ही अच्छा है। अंग्रेजी सुनने के बहुत से साधन जैसे टीवी रेडिओ, फ़िल्में internet आदि हमारे पास मौजूद हैं इनका फायदा उठाइए और जितना हो सके उतना अंग्रेजी ध्यान पूर्वक सुनिए।

शुरू में हो सकता है की आप जो सुने उसका बहुत कम समझ में आए पर घबराइये नहीं लगे रहिये। यहाँ मुख्य बात ध्यान पूर्वक सुनना है। भले ही पांच मिनट में सिर्फ एक वाक्य ही आप समझे हों पर उस पर ध्यान दें और बार-बार दोहरायें।

2. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी में बात कीजिये

अंग्रेजी बोलने का सबसे जरूरी नियम है कि आप अंग्रेजी में बात करें। अब आप सोच रहे होंगे कि जब तक आप अंग्रेजी सीखेंगे नहीं तब तक आप अंग्रेजी बोलेंगे कैसे। भले ही यह सुनने में मुर्गी पहले आयी कि अंडा? जैसा लगे जिसका जवाब आज तक नहीं मिला।

लेकिन अंग्रेजी सीखने के मामले में जवाब बिलकुल आसान है। आप अंग्रेजी बोलते-बोलते अंग्रेजी सीखिए और अंग्रेजी सीखते-सीखते अंग्रेजी बोलिए।

मैं अपने ख़ुद के अनुभव से बताना चाहूँगा कि मुझे अंग्रेजी बोलना सीखने में काफी समय लगा क्योंकि भले ही मैं कितनी भी अंग्रेजी सुनता, पढ़ता या लिखता था पर मैं अंग्रेजी बोलता नहीं था। इसकी वजह से अंग्रेजी बोलने के जो मौके मुझे मिलते थे मैं वो भी इस्तेमाल नहीं कर पाता था।

मेरे लिए अंग्रेजी बोलना सीखने का यह सबसे मुश्किल पार्ट था। भले ही मैंने कितनी भी अंग्रेजी किताबें पढ़ रखी थी, भले ही मैंने अंग्रेजी शब्दों की डायरी बना राखी थी और English न्यूज़ पेपर से छाँट-छाँट कर शब्द उनके अर्थ और उनसे बनने वाले वाक्यों के उदहारण लिख रखे थे, भले ही मैंने Word Power Made Easy किताब से सैकड़ों root वर्ड्स सीख लिए थे, भले ही मैं मेरे सामने वाला अंग्रेजी बोलने में क्या गलती कर रहा है तुरंत पकड़ लेता था। लेकिन मैं अंग्रेजी नहीं बोल पाता था।

सच ये था कि मुझे अंग्रेजी बोलना नहीं अता था। उन लोगों के बराबर भी नहीं जिनकी गलतियाँ मैं पकड़ लेता था।

देखिये अंग्रेजी जानना और अंग्रेजी बोलना दो अलग अलग चीजें हैं। भले ही दोनों एक दूसरे पर dependent हैं लेकिन अगर आप अंग्रेजी जानते हैं तो इसका ये मतलब नहीं की आप अंग्रेजी बोल भी सकते हैं।

इसलिए आप चाहे जैसे भी हो अंग्रेजी बोलना शुरू कीजिये।

जी हाँ! अब आप अपने घमण्ड को अलग रख दीजिये और जैसा भी गलत-सही English बोल सकते हैं वैसा ही बोलिए। और फिर धीरे-धीरे इसमे सुधार कीजिये।

3. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी पढ़िए

जब हम किसी को अंग्रेजी बोलते सुनते हैं तो वह हमें बहुत तेज बोलता लगता है। हो सकता है उसकी ज्यादातर बातें आपको समझ में ही ना आये ऐसे में आप सीखेंगे कैसे? इसके लिए अंग्रेजी पढ़ना भी अंग्रेजी सीखने का एक तरीका है।

अब पढ़ाई दो तरीके से हो सकती है एक तो आप पढ़ते जायें पढ़ते जायें और थोड़ा बहुत जो समझ में आए समझते जायें। वहीँ दूसरा तरीका है कि आप थोड़ा ही पढ़ें उसे समझें, उसे बोलें, उस पर नोट्स बनायें और इस पढ़े हुए को भविष्य में समय-समय पर दुहराते रहें।

दोनों तरीकों से पढ़ने का अपना महत्व है। जहाँ तेजी से काफी ज्यादा पढ़कर आप नए-नए वाक्यों और शब्दों के संपर्क में आ सकते हैं वहीँ धीरे-धीरे पढ़कर आप नए पुराने वाक्यों और शब्दों को अपने दीमाग में पक्का कर सकते हैं जिससे आगे उनका इस्तेमाल बोलते समय कर सकें।

4. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए नोट्स बनाइये

आप जो भी अंग्रेजी सुनते, बोलते या पढ़ते हैं उसमें से जो भी आपको महत्वपूर्ण लगे उसे नोट कर लीजिये और बार बार दोहराइए। लिखने से आप एक एक चीज पर ज्यादा समय देते हैं और वो आपके दिमाग में क्लियर हो जाती है।

नोट्स बनाने के लिए आप अंग्रेजी या अन्य किसी भी भाषा का प्रयोग कर सकते हैं। ये भी जरूरी नहीं की आप अंग्रेजी लिखने के लिए रोमन लिपि का ही प्रयोग करें। आप देवनागरी लिपि में भी English लिख सकते हैं जैसे कि आप

I can speak English.

की जगह

आई कैन स्पीक इंग्लिश। भी लिख सकते हैं।

जरूरी बात ये है कि ये नोट्स आपके लिए उपयोगी होने चाहिए। इन नोट्स को देखकर भविष्य में आप अपनी progress का आकलन कर सकते हैं।

5. अंग्रेजी बोलने के लिए शर्म छोड़िये

जब आप अंग्रेजी बोलना शुरू करेंगे तो अक्सर आपको शर्मसार करने वाली परिस्थितियों (embarrassing situations) का सामना करना पड़ेगा। और कोई भी किसी के सामने शर्मसार नहीं होना चाहता। लेकिन कुछ भी नया सीखने का यही सबसे बड़ा नियम है कि आपको अपनी शर्म को इस मामले में छोड़ना पड़ेगा। हजारों साल पहले आचार्य चाणक्य ने कहा था

धन-धान्यप्रयोगेषु विद्यासंग्रहणेषु च।

आहारे व्यवहारे च त्यक्तलज्जः सुखी भवेत्।।
–आचार्य चाणक्य

पैसे के लेंन-देन में, विद्या ग्रहण करने में, भोजन करने में और व्यवहार करने में जो शर्म नहीं करता वह सुखी रहता है।
–आचार्य चाणक्य

अगर आप गलतियाँ करने के डर से अंग्रेजी नहीं बोलते तो आप कभी भी अंग्रेजी नहीं बोल पाएंगे! क्योंकि आप कितनी भी पढ़ाई कर लें, चाहे आप अंग्रेजी में B.A., M.A. ही क्यों न कर लें, जब तक आप अंग्रेजी बोलेंगे नहीं तब तक आप अंग्रेजी सीखेंगे नहीं। और जब आप अंग्रेजी बोलना शुरू करेंगे तो आप से गलतियाँ होंगी ही। पर इन गलतियों से घबराइये नहीं, बल्कि अंग्रेजी बोलने का अभ्यास कर के इन गलतियों की संख्या को कम करते जाइये।

6.प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा आगे बढ़िये

अंग्रेजी बोलना सीखने में समय लगता है। इसलिए आप थोड़ा-थोड़ा ही सही पर प्रतिदिन प्रयास कीजिये और आगे बढ़िये।

कई बार लोग बहुत ही काम समय में अंग्रेजी सीखने का लक्ष्य बना लेते हैं इससे उनके निराश होकर अंग्रेजी सीखना छोड़ देने की बहुत अधिक संभावना रहती है। इसलिए कितना समय लगता है इससे ज्यादा जरूरी हैं कि आप प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा ही सही पर progress करते रहें।

बूँद-बूँद से सागर भरता है वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी, बस आपको इसी को follow करना हैं। और आपकी सफलता निश्चित है।

मित्रों यहाँ पर बताये गए तरीकों से आप अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं। याद रखिये अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी सुनना और अंग्रेजी बोलना ये दो सबसे महत्वपूर्ण काम हैं। अब इन कामों को करना आपके लिए कितना आसान या मुश्किल है ये आप की परिस्थितियों और आप पर निर्भर करता है।

लेकिन घबराइये नहीं अपनी अगली पोस्ट में मैं आपको कुछ ऐसी प्रैक्टिकल टिप्स दूंगा जो आपको यहाँ बताये गए तरीकों को implement करने में सहायक होंगी। और हाँ अपनी पिछली पोस्ट में मैंने कुछ बताने का वादा किया था वो भी मैं अपनी अगली पोस्ट में पूरा करूंगा।

जरूर पढ़ें अगला भाग अंग्रेजी बोलना सीखने के बेहतरीन टिप्स



अगली post का इन्तजार कीजिये और बार-बार SafalBharat.Com ब्लॉग को देखते रहें। या फिर आप हमारा इमेल सब्सक्रिप्शन भी ले सकते हैं जिससे हमारी प्रत्येक नयी पोस्ट की जानकारी आपको अपने ईमेल पर अपने आप मिलाती रहे। सब्सक्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

याद रखें यहाँ क्लिक करने के बाद एक पॉपअप खुलेगा, जिसमें ईमेल पता और सिक्यूरिटी कोड डालकर सब्सक्राइब करने के बाद Google FeedBurner आपको एक ईमेल भेजेगा जिसमे दिए link को क्लिक करने से आपका सब्सक्रिप्शन पूरा होगा। इसलिए यहाँ सब्सक्राइब करने के बाद अपना ईमेल चेक करें और google द्वारा भेजे ईमेल में दिए link को क्लिक कर अपना सब्सक्रिप्शन पूरा करें। कई लोग ये स्टेप भूल जाते हैं और जिससे उन्हें नयी पोस्ट की जानकारी नहीं मिलती।

मित्रों यह अंग्रेजी बोलना कैसे सीखें इस विषय पर मेरी यह दूसरी पोस्ट आपको कैसे लगी अपने कमेन्ट के द्वारा बताएं।

दोस्तों यह पोस्ट पसंद आई हो तो इसे शेयर करना न भूलें क्योंकि शेयरिंग इज़ केयरिंग😊

5/6/16

English बोलना कैसे सीखें How To Learn To Speak English

आप English बोलना क्यों सीखना चाहते हैं?


क्या आप English बोलना सीखना चाहते हैं? क्या आपको लगता है की अगर आप English बोलना जानते तो इससे आपको अपने जीवन में फायदा होता? क्या English न बोल पाने की वजह से आपको काफी नुकसान उठाना पड़ा है? क्या आप से कम deserving होते हुए भी सिर्फ English बोल पाने की वजह से लोग आप से आगे निकल गए हैं? क्या English न बोल पाने की वजह से आपको ignore किया जाता है और English बोलने वालों को आपसे ज्यादा तवज्जो दी जाती है?

यहाँ पर हम सैकड़ों कारण गिना सकते हैं कि आपको English बोलना क्यों आना चाहिए? हो सकता है कि कोई कारण आपको बेवकूफी भरा लगे या कोई कारण आपको बहुत जरूरी लगे जिसकी वजह से आप सोचते हों कि हर किसी को English बोलना सीखना चाहिए।

English सीखने का कोई कारण बड़ा है या छोटा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। महत्वपूर्ण ये है की जिन कारणों से आप English बोलना चाहते हैं वो आपके लिए कितने जरूरी हैं।

कारण कोई भी हो वो आपके लिए महत्वपूर्ण होना चाहिए। अगर आपके English सीखने का कारण आपके लिए बड़ा और महत्वपूर्ण नहीं है तो आपको English बोलना सीखने में बहुत दिक्कत होगी।

आपके English सीखने के एक या एक से अधिक कारण हो सकते हैं। इन्हें आप अपनी diary में लिख लीजिये। देखिये English बोलना कोइ हप्ते दो हप्ते या महीने दो महीने में तो सीखा नहीं जा सकता। इसमें लम्बा वक्त लगता है। इस लिए आपके जो भी कारण हैं उन्हें लिख लीजिये। हो सकता है की समय के साथ आपके इन कारणों में से कोई अब उतना महत्वपूर्ण ना रह जाये या फिर कोई और महत्वपुर्ण कारण आ जाये तो समय-समय पर आप इसे update करते रहिये।

अब रहा सवाल क्या आप English बोलना सीख सकते हैं?


अगर आप English बोलना सीखना चाहते हैं तो आप जरूर सीख सकते हैं क्योंकि कोई भी English बोलना सीख सकता है। चाहे वो बच्चा हो बुढा हो या जवान हो। मैं तो यहाँ तक कहना चाहूँगा की एक अनपढ़ आदमी भी English बोलना सीख सकता है। क्यों? क्योंकि English एक भाषा है और कोई भी भाषा सीखने के लिए पढ़ा लिखा होने की जरूरत नहीं होती। कोई भी बच्चा स्कूल जाने के पहले अपनी मातृ भाषा बोलने लगता है। तो फिर English बोलना कौन सा असंभव काम हुआ।

इस सवाल का जवाब बहुत आसान है। आप अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं लेकिन आपके English बोलना सीखने का कारण किसी और के लिए हो न हो आपके लिए बड़ा और महत्वपूर्ण होना चाहिए। क्योकि इस कारण की वजह से ही आप लम्बे समय तक English सीखने के लिए प्रयासरत रह पाएंगे।

तो सबसे पहले हम जानते हैं कि English बोलने के लिए हमें क्या मूलभूत चीजें सीखनी होंगी? सिर्फ English ही नहीं कोई भी भाषा सीखने के लिए हमें मूलतः 3 चीजें सिखनी होती हैं

1. शब्द भण्डार Vocabulary

किसी भी भाषा में हम चीजों, भावनाओं और घटनाओं को शब्दों द्वारा व्यक्त करते हैं। शब्दों के बिना भाषा की कल्पना करना असंभव हैं। इसलिए अगर आप English बोलना चाहते हैं तो आपको अपने शब्द भण्डार को बढ़ाना पड़ेगा। शब्दों के महत्व को इस प्रकार से समझ सकते हैं कि जब आप अंग्रेजी में कुछ बोलना चाहते हैं और पाते हैं कि आपको कौन सा शब्द प्रयोग करना चाहिए वो मालूम ही न हो या याद ही न आ रहा हो तो आप अटक जाते हैं।

इसी प्रकार किसी के बोले गए शब्दों का अर्थ न जानने पर आपको उसकी बातें समझ में ही नहीं आएंगी। जब आपको सामने वाला क्या बोल रहा है ये समझ ही नहीं आया तो आप अब उससे क्या बात करेंगे और यदि वह आपसे कोई प्रश्न पूछ रहा है तो आप उसे क्या जवाब देंगे?

कई बार हम context से शब्दों के अर्थ का अंदाज लगा लेते हैं पर कई बार इसमें बड़ी गलती भी हो जाती है।

इतना ही नहीं कई बार सही जानकारी न होने पर एक सामान लगने वाले शब्दों में हम confuse भी हो जाते हैं। क्योंकि इनके अर्थ एकदम भिन्न होते हैं। इसलिए आपको अपना शब्द भण्डार बढ़ाना पड़ेगा क्योंकि शब्द English बोलने के लिए सबसे छोटी इकाई (unit) हैं।

2. वाक्य निर्माण

केवल शब्दों के द्वारा ही किसी भाषा में पूरी बात नहीं कह सकते। अपनी बात या भावनाओं को पूर्ण रूप से व्यक्त करने के लिए शब्दों को सही क्रम में लगाने arrange करने की आवश्यकता होती है। शब्दों को सही क्रम में लगाने से वाक्य बनता है जिससे सही अर्थ निकल कर आता है। वाक्यों का निर्माण करके हम चीजों या घटनाओं के काल, स्थिति आदि को व्यक्त करते हैं।

बहुत से लोग सोचते हैं कि वाक्य निर्माण के लिए व्याकरण grammar की आवश्यकता होती है। पर एक बात याद रखिये किसी भी भाषा के आधार पर उसका व्याकरण बनाया जाता है व्याकरण के आधार पर भाषा नहीं। यही कारण है कि जब आप grammar पढ़ते हैं तो पाते हैं कि उसमे कई rules के एक्सेप्शन्स होते हैं। अगर व्याकरण के आधार पर कोई भाषा बनायी जाती तो एक तो उसका grammar बहुत simple होता और दूसरा rules में एक्सेप्शन्स नहीं होते और तीसरा शायद उस भाषा में कवितायें भी नहीं बनतीं।

तो अंग्रेजी सीखने के लिए जो दूसरा काम आपको करना होगा वो है अपनी वाक्य निर्माण क्षमता को बढ़ाना होगा।

3. शब्द उच्चारण क्षमता Pronunciation

किसी भाषा में हम शब्द जानते हैं वाक्य भी बना लेते हैं, पर जब तक हम इन शब्दों और वाक्यों का सही उच्चारण नहीं कर पाते तब तक हम उसे बोल नहीं सकते। और अगर हम शब्द और वाक्य जानते है और उच्चारण गलत करते हैं तो सामने वाला हमें समझेगा कैसे?

कई ध्वनियाँ जो अंग्रेजी में इस्तेमाल होती हैं वो हिंदी में नहीं होती ऐसे में आपको नयी ध्वनियाँ निकालना सीखना पड़ेगा। आप अपनी मातृ भाषा की ध्वनियों से ही English का शुद्ध उच्चारण नहीं कर सकते।

शब्दों के गलत उच्चारण से कई बार अर्थ का अनर्थ भी हो जाता है। इसलिए अगर आपको English बोलना सीखना है तो आपको शब्दों का सही उच्चारण करना सीखना ही पड़ेगा।

इस post में हमने देखा की आप अंग्रेजी बोलना क्यों सीखना चाहते हैं? क्या आप अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं? और अंग्रेजी बोलने के लिए आपको कौन सी तीन चीजें सीखनी होंगी?

तो इतना पढ़ने के बाद आप जान गए की आप के लिए अंग्रेजी बोलना सीखने के बड़े और महत्वपूर्ण कारण क्या हैं? और आप ये भी जान गए की आप अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं यहाँ तक की एक अनपढ़ आदमी या एक बच्चा भी अंग्रेजी बोलना सीख सकता है। और आपको यह भी पता हो गया कि अंग्रेजी बोलने के लिए आपको अपनी Vocabulary, Sentence Making Ability and Pronunciation क्षमता को बढ़ाना होगा।

इतना जानने के बाद अब आपके सामने challenge है की आप अपनी इन क्षमताओं को बढ़ाएंगे कैसे?

तो इसका जवाब मैं आपको अपनी अगली पोस्ट में दूंगा। अपनी अगली पोस्ट में मैं आपको बताऊंगा कि
  • आप अपने शब्द भण्डार (Vocabulary) को कैसे बढ़ा सकते हैं और कम नए शब्दों को सीख कर भी आपसे अधिक शब्द भण्डार वाले व्यक्ति से भी अच्छी अंग्रजी कैसे बोल सकते हैं।
  • आप अपनी वाक्य निर्माण क्षमता (Sentence Making Ability) कैसे बढ़ा सकते हैं और कोई शब्द मालूम ही ना होने या जल्दी याद ना आने पर भी आप अपनी बात कैसे कह सकते हैं।
  • आप अपने उच्चारण (Pronunciation) को कैसे ठीक कर सकते हैं और अपनी muscles को English Pronunciation के लिए कैसे Train कर सकते हैं ताकि English बोलते समय बार-बार आपकी जबान न फिसले।

जरूर पढ़ें अगला भाग English बोलना कैसे सीखें (कैसे)

अंग्रेजी सीखने के टिप्स के लिए पढ़ें अंग्रेजी बोलना सीखने के बेहतरीन टिप्स


अगली post का इन्तजार कीजिये और बार-बार safalbharat.com ब्लॉग को देखते रहें। या फिर आप हमारा इमेल सब्सक्रिप्शन भी ले सकते हैं जिससे हमारी प्रत्येक नयी पोस्ट की जानकारी आपको अपने ईमेल पर अपने आप मिलाती रहे। सब्सक्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

याद रखें यहाँ ईमेल पता डालकर सब्सक्राइब करने के बाद Google FeedBurner आपको एक ईमेल भेजेगा जिसमे दिए link को क्लिक करने से आपका सब्सक्रिप्शन पूरा होगा। इसलिए यहाँ सब्सक्राइब करने के बाद अपना इनबॉक्स चेक करें और google द्वारा भेजे ईमेल में दिए link को क्लिक कर अपना सब्सक्रिप्शन पूरा करें। कई लोग ये स्टेप भूल जाते हैं जिससे उन्हें नयी पोस्ट की जानकारी नहीं मिलती।

यह पोस्ट आपको कैसी लगी कमेंट के द्वारा बताएं।

दोस्तों यह पोस्ट पसंद आई हो तो इसे शेयर करना न भूलें बिकॉज़ शेयरिंग इज़ केयरिंग 😊