7/7/16

English बोलना कैसे सीखें How To Learn To Speak English Part 2

अंग्रेजी बोलना कैसे सीखे
दोस्तों अपनी पिछली पोस्ट में हमने अंग्रेजी बोलने के लिए एक आधार तैयार किया। और अब बारी है उस आधार पर इमारत खड़ी करने की। हो सकता है की बहुत से लोगों को ये लगे की पिछली पोस्ट में मैंने कुछ ख़ास नहीं बताया और उस पोस्ट की जरूरत ही नहीं थी। पर किसी इमारत की नीव का मजबूत होना बहुत जरूरी होता है। क्योंकि जब नींव मजबूत होगी तभी इमारत मजबूत होगी।

पिछली पोस्ट में आपने जाना की आपको English बोलना क्यों सीखना चाहिए और English बोलने के लिए किन-किन चीजों की आवश्यकता होगी। आइये अब इस पोस्ट में हम जानते हैं कि आप English बोलना कैसे सीख सकते हैं?

1. English बोलना सीखने के लिए English सुनिए

इंसान कोई भी भाषा सुन-सुन कर ही सीखता है। जो वह सुनता है उसी की नकल करता है और धीरे-धीरे उसे समझने लगता है।

इसलिए आप जितना अधिक अंग्रेजी सुन सकें उतना ही अच्छा है। अंग्रेजी सुनने के बहुत से साधन जैसे टीवी रेडिओ, फ़िल्में internet आदि हमारे पास मौजूद हैं इनका फायदा उठाइए और जितना हो सके उतना अंग्रेजी ध्यान पूर्वक सुनिए।

शुरू में हो सकता है की आप जो सुने उसका बहुत कम समझ में आए पर घबराइये नहीं लगे रहिये। यहाँ मुख्य बात ध्यान पूर्वक सुनना है। भले ही पांच मिनट में सिर्फ एक वाक्य ही आप समझे हों पर उस पर ध्यान दें और बार-बार दोहरायें।

2. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी में बात कीजिये

अंग्रेजी बोलने का सबसे जरूरी नियम है कि आप अंग्रेजी में बात करें। अब आप सोच रहे होंगे कि जब तक आप अंग्रेजी सीखेंगे नहीं तब तक आप अंग्रेजी बोलेंगे कैसे। भले ही यह सुनने में मुर्गी पहले आयी कि अंडा? जैसा लगे जिसका जवाब आज तक नहीं मिला।

लेकिन अंग्रेजी सीखने के मामले में जवाब बिलकुल आसान है। आप अंग्रेजी बोलते-बोलते अंग्रेजी सीखिए और अंग्रेजी सीखते-सीखते अंग्रेजी बोलिए।

मैं अपने ख़ुद के अनुभव से बताना चाहूँगा कि मुझे अंग्रेजी बोलना सीखने में काफी समय लगा क्योंकि भले ही मैं कितनी भी अंग्रेजी सुनता, पढ़ता या लिखता था पर मैं अंग्रेजी बोलता नहीं था। इसकी वजह से अंग्रेजी बोलने के जो मौके मुझे मिलते थे मैं वो भी इस्तेमाल नहीं कर पाता था।

मेरे लिए अंग्रेजी बोलना सीखने का यह सबसे मुश्किल पार्ट था। भले ही मैंने कितनी भी अंग्रेजी किताबें पढ़ रखी थी, भले ही मैंने अंग्रेजी शब्दों की डायरी बना राखी थी और English न्यूज़ पेपर से छाँट-छाँट कर शब्द उनके अर्थ और उनसे बनने वाले वाक्यों के उदहारण लिख रखे थे, भले ही मैंने Word Power Made Easy किताब से सैकड़ों root वर्ड्स सीख लिए थे, भले ही मैं मेरे सामने वाला अंग्रेजी बोलने में क्या गलती कर रहा है तुरंत पकड़ लेता था। लेकिन मैं अंग्रेजी नहीं बोल पाता था।

सच ये था कि मुझे अंग्रेजी बोलना नहीं अता था। उन लोगों के बराबर भी नहीं जिनकी गलतियाँ मैं पकड़ लेता था।

देखिये अंग्रेजी जानना और अंग्रेजी बोलना दो अलग अलग चीजें हैं। भले ही दोनों एक दूसरे पर dependent हैं लेकिन अगर आप अंग्रेजी जानते हैं तो इसका ये मतलब नहीं की आप अंग्रेजी बोल भी सकते हैं।

इसलिए आप चाहे जैसे भी हो अंग्रेजी बोलना शुरू कीजिये।

जी हाँ! अब आप अपने घमण्ड को अलग रख दीजिये और जैसा भी गलत-सही English बोल सकते हैं वैसा ही बोलिए। और फिर धीरे-धीरे इसमे सुधार कीजिये।

3. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी पढ़िए

जब हम किसी को अंग्रेजी बोलते सुनते हैं तो वह हमें बहुत तेज बोलता लगता है। हो सकता है उसकी ज्यादातर बातें आपको समझ में ही ना आये ऐसे में आप सीखेंगे कैसे? इसके लिए अंग्रेजी पढ़ना भी अंग्रेजी सीखने का एक तरीका है।

अब पढ़ाई दो तरीके से हो सकती है एक तो आप पढ़ते जायें पढ़ते जायें और थोड़ा बहुत जो समझ में आए समझते जायें। वहीँ दूसरा तरीका है कि आप थोड़ा ही पढ़ें उसे समझें, उसे बोलें, उस पर नोट्स बनायें और इस पढ़े हुए को भविष्य में समय-समय पर दुहराते रहें।

दोनों तरीकों से पढ़ने का अपना महत्व है। जहाँ तेजी से काफी ज्यादा पढ़कर आप नए-नए वाक्यों और शब्दों के संपर्क में आ सकते हैं वहीँ धीरे-धीरे पढ़कर आप नए पुराने वाक्यों और शब्दों को अपने दीमाग में पक्का कर सकते हैं जिससे आगे उनका इस्तेमाल बोलते समय कर सकें।

4. अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए नोट्स बनाइये

आप जो भी अंग्रेजी सुनते, बोलते या पढ़ते हैं उसमें से जो भी आपको महत्वपूर्ण लगे उसे नोट कर लीजिये और बार बार दोहराइए। लिखने से आप एक एक चीज पर ज्यादा समय देते हैं और वो आपके दिमाग में क्लियर हो जाती है।

नोट्स बनाने के लिए आप अंग्रेजी या अन्य किसी भी भाषा का प्रयोग कर सकते हैं। ये भी जरूरी नहीं की आप अंग्रेजी लिखने के लिए रोमन लिपि का ही प्रयोग करें। आप देवनागरी लिपि में भी English लिख सकते हैं जैसे कि आप

I can speak English.

की जगह

आई कैन स्पीक इंग्लिश। भी लिख सकते हैं।

जरूरी बात ये है कि ये नोट्स आपके लिए उपयोगी होने चाहिए। इन नोट्स को देखकर भविष्य में आप अपनी progress का आकलन कर सकते हैं।

5. अंग्रेजी बोलने के लिए शर्म छोड़िये

जब आप अंग्रेजी बोलना शुरू करेंगे तो अक्सर आपको शर्मसार करने वाली परिस्थितियों (embarrassing situations) का सामना करना पड़ेगा। और कोई भी किसी के सामने शर्मसार नहीं होना चाहता। लेकिन कुछ भी नया सीखने का यही सबसे बड़ा नियम है कि आपको अपनी शर्म को इस मामले में छोड़ना पड़ेगा। हजारों साल पहले आचार्य चाणक्य ने कहा था

धन-धान्यप्रयोगेषु विद्यासंग्रहणेषु च।

आहारे व्यवहारे च त्यक्तलज्जः सुखी भवेत्।।
–आचार्य चाणक्य

पैसे के लेंन-देन में, विद्या ग्रहण करने में, भोजन करने में और व्यवहार करने में जो शर्म नहीं करता वह सुखी रहता है।
–आचार्य चाणक्य

अगर आप गलतियाँ करने के डर से अंग्रेजी नहीं बोलते तो आप कभी भी अंग्रेजी नहीं बोल पाएंगे! क्योंकि आप कितनी भी पढ़ाई कर लें, चाहे आप अंग्रेजी में B.A., M.A. ही क्यों न कर लें, जब तक आप अंग्रेजी बोलेंगे नहीं तब तक आप अंग्रेजी सीखेंगे नहीं। और जब आप अंग्रेजी बोलना शुरू करेंगे तो आप से गलतियाँ होंगी ही। पर इन गलतियों से घबराइये नहीं, बल्कि अंग्रेजी बोलने का अभ्यास कर के इन गलतियों की संख्या को कम करते जाइये।

6.प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा आगे बढ़िये

अंग्रेजी बोलना सीखने में समय लगता है। इसलिए आप थोड़ा-थोड़ा ही सही पर प्रतिदिन प्रयास कीजिये और आगे बढ़िये।

कई बार लोग बहुत ही काम समय में अंग्रेजी सीखने का लक्ष्य बना लेते हैं इससे उनके निराश होकर अंग्रेजी सीखना छोड़ देने की बहुत अधिक संभावना रहती है। इसलिए कितना समय लगता है इससे ज्यादा जरूरी हैं कि आप प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा ही सही पर progress करते रहें।

बूँद-बूँद से सागर भरता है वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी, बस आपको इसी को follow करना हैं। और आपकी सफलता निश्चित है।

मित्रों यहाँ पर बताये गए तरीकों से आप अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं। याद रखिये अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी सुनना और अंग्रेजी बोलना ये दो सबसे महत्वपूर्ण काम हैं। अब इन कामों को करना आपके लिए कितना आसान या मुश्किल है ये आप की परिस्थितियों और आप पर निर्भर करता है।

लेकिन घबराइये नहीं अपनी अगली पोस्ट में मैं आपको कुछ ऐसी प्रैक्टिकल टिप्स दूंगा जो आपको यहाँ बताये गए तरीकों को implement करने में सहायक होंगी। और हाँ अपनी पिछली पोस्ट में मैंने कुछ बताने का वादा किया था वो भी मैं अपनी अगली पोस्ट में पूरा करूंगा।

जरूर पढ़ें अगला भाग अंग्रेजी बोलना सीखने के बेहतरीन टिप्स



अगली post का इन्तजार कीजिये और बार-बार SafalBharat.Com ब्लॉग को देखते रहें। या फिर आप हमारा इमेल सब्सक्रिप्शन भी ले सकते हैं जिससे हमारी प्रत्येक नयी पोस्ट की जानकारी आपको अपने ईमेल पर अपने आप मिलाती रहे। सब्सक्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

याद रखें यहाँ क्लिक करने के बाद एक पॉपअप खुलेगा, जिसमें ईमेल पता और सिक्यूरिटी कोड डालकर सब्सक्राइब करने के बाद Google FeedBurner आपको एक ईमेल भेजेगा जिसमे दिए link को क्लिक करने से आपका सब्सक्रिप्शन पूरा होगा। इसलिए यहाँ सब्सक्राइब करने के बाद अपना ईमेल चेक करें और google द्वारा भेजे ईमेल में दिए link को क्लिक कर अपना सब्सक्रिप्शन पूरा करें। कई लोग ये स्टेप भूल जाते हैं और जिससे उन्हें नयी पोस्ट की जानकारी नहीं मिलती।

मित्रों यह अंग्रेजी बोलना कैसे सीखें इस विषय पर मेरी यह दूसरी पोस्ट आपको कैसे लगी अपने कमेन्ट के द्वारा बताएं।

दोस्तों यह पोस्ट पसंद आई हो तो इसे शेयर करना न भूलें क्योंकि शेयरिंग इज़ केयरिंग😊

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें